महूगांव में स्वरोजगार केंद्र भवन का लोकार्पण, महिलाओं को प्रमाण पत्र व सिलाई मशीनें वितरित इंदौर/महूगांव, 17 जुलाई 2026

महूगांव में स्वरोजगार केंद्र भवन का लोकार्पण, महिलाओं को प्रमाण पत्र व सिलाई मशीनें वितरित
इंदौर/महूगांव, 17 जुलाई 2026।

लाइव न्यूज भारत24 कृष्ण कुमार श्रीवास 
लाइव न्यूज भारत24 :महूगांव स्थित गुरूजी रवीन्द्र शर्मा स्वरोजगार प्रशिक्षण केन्द्र में शुक्रवार को भवन लोकार्पण, प्रमाण पत्र एवं सिलाई मशीन वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन के राज्य मंत्री (कौशल विकास) श्री गौतम टेटवाल तथा स्थानीय विधायक सुश्री उषा ठाकुर ने भवन का लोकार्पण कर प्रशिक्षण प्राप्त महिलाओं को प्रमाण पत्र एवं आधुनिक सिलाई मशीनें वितरित कीं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री रवि भाटिया (प्रांत अध्यक्ष, सेवा भारती मालवा प्रांत) ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेवी श्री अजय वैशंपायन, महूगांव परिषद अध्यक्ष श्री नवीन तिवारी तथा वार्ड क्रमांक 59 इंदौर की पार्षद सुश्री रूपाली पेंढारकर उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में श्री आनंद श्रीवास एवं नंदराम जी अहिरवार का विशेष योगदान रहा। अतिथियों को स्मृति-चिन्ह के रूप में लेदर टॉयज भेंट किए गए।
भवन लोकार्पण से पूर्व हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के सहयोग तथा चर्मपदत्राण उद्यम विकास समिति, इंदौर द्वारा संचालित तीन माह के सिलाई प्रशिक्षण के 120 प्रशिक्षार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। साथ ही 15 महिलाओं को आधुनिक सिलाई मशीनें प्रदान की गईं, जिससे वे स्वरोजगार शुरू कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।
संस्था के संस्थापक श्यामराव पेंढारकर ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि प्रशिक्षित महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। महिलाओं ने मशीनें मिलने पर खुशी व्यक्त करते हुए संस्था का आभार जताया।
कार्यक्रम का संचालन अर्पिता श्रीवास ने किया तथा अंत में नंदराम जी अहिरवार ने आभार व्यक्त किया।

Leave a Comment